साठ फुट ऊंचे डंगे से गिरी महिला, मौत

ऊना। शहर के किला बाबा बेदी साहिब परिसर से अज्ञात बुजुर्ग महिला 60 फुट ऊंचे डंगे से नीचे आईपीएच विभाग के एसडीओ ऑफिस परिसर में जा गिरी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर अज्ञात बुजुर्ग महिला किला बाबा बेदी साहिब के परिसर में घूम रही थी। इसी दौरान वह अचानक किले के डंगे से करीब 60 फुट नीचे स्थित आईपीएच विभाग के परिसर में आ गिरी। नीचे गिरते ही महिला की मौत हो गई। आवाज सुनकर आईपीएच के कर्मी कार्यालय से बाहर की और दौड़े, तो देखा एक बुजुर्ग महिला परिसर के बाहर मृत पड़ी हुई है। स्थानीय कर्मचारियों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंचे 108 कर्मियों ने महिला को मृत बताया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया है। महिला की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts