साजिशकर्ताओं के खिलाफ जल्द करें कार्रवाई, घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता : एलजी

साजिशकर्ताओं के खिलाफ जल्द करें कार्रवाई, घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता : एलजी
जम्मू 

एलजी मनोज सिन्हा ने बम बिस्फोट मामले में कड़ा संज्ञान लिया है

जम्मू के नरवाल इलाके में लगातार दो विस्फोटों के बाद हड़कंप मच गया था। इन धमाकों में सात लोगों को गंभीर चोट आई है। एलजी मनोज सिन्हा ने पुलिस को इस साजिश में शामिल लोगों के बारे में जल्द पता लगाने को कहा है।

जम्मू के नरवाल इलाके में ब्लास्ट के बाद पहुंचे सुरक्षाबल
जम्मू के नरवाल इलाके में ब्लास्ट के बाद पहुंचे सुरक्षाबल

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू के नरवाल इलाके में हुए धमाकों के जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विस्फोट और जांच के बारे में विस्तार से जानकारी ली। एलजी ने इन धमाकों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शनिवार को नरवाल इलाके में लगातार दो विस्फोटों के बाद हड़कंप मच गया था। इन धमाकों में सात लोगों को गंभीर चोट आई है। इसके अलावा कुछ वाहनों पर भी नुकसान हुआ है। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू में भर्ती कराया गया है।

एलजी ने कहा कि इस प्रकार के कृत्य साजिश में शामिल लोगों की हताशा और कायरता को उजागर करती है। उन्होंने सभी एजेंसियों ने इस मामले में तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

उपराज्यपाल ने घायलों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें आर्थिक सहायता के तौर पर प्रत्येक घायल हो 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन घायलों को हरसंभव उपचार दिलाने और उनके परिवारों के साथ खड़ा है।

जम्मू के डिप्टी मेयर ने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें सात लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके तार आतंकवाद से जुड़े हुए हैं। घायलों की स्थिति सामान्य है।

Related posts