
नई दिल्ली। दक्षिण जिले के पॉश इलाके साकेत में बृहस्पतिवार दोपहर को एक युवक को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। उस पर छह गोलियां मारी गई हैं। गंभीर हालत में युवक को बत्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अपने दोस्तों के साथ साकेत कोर्ट में तारीख पर आया था। साकेत थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। देर रात तक हत्या के आरोपी युवकों को कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। पुलिस आपसी रंजिश व गैंगवार को लेकर मामले की तफ्तीश कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक कपिल एक राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा हुआ था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार संगम विहार निवासी कपिल (30) अपने दोस्त बलराज और रोहित के साथ महिंद्रा की एक्सयूवी कार से साकेत कोर्ट आया था। कोर्ट में तारीख अटेंड करने के बाद ये पुष्प विहार के सेक्टर-एक में स्थित सनातन धर्म मंदिर के पास खड़े हुए थे। रोहित अपने किसी दोस्त प्रवीण से मिलने चला गया। कपिल कार में बैठा हुआ था। बृहस्पतिवार शाम करीब पौने चार बजे पल्सर बाइक पर दो युवक आए। युवकों को देखकर कपिल ने भागने की कोशिश की। मगर बाइक सवार बदमाशों ने कपिल पर छह गोली मारीं। बलराज व रोहित ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, मगर हथियार दिखाकर बदमाश भागने में सफल हो गए।
कपिल के शरीर पर गोली लगने के छह निशान बताए जा रहे हैं, हालांकि पोस्टमार्टम के बाद ही पता लगेगा कि कपिल को कितनी गोलियां लगी हैं। कपिल के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों का पता करने के लिए कपिल के साथियों से पूछताछ कर रही है।
25 वर्ष में ऐसी घटना नहीं देखी-
दिनदहाडे़ गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। जिस जगह गोलीबारी की घटना हुई है वहां आवासीय क्षेत्र है। लोग इस घटना से इतने डरे हुए हैं कि वह कुछ कहने को तैयार नहीं हैं। एक बुजुर्ग महिला ने इतना बताया कि वह इस इलाके में 25 वर्ष से रह रही है और 25 वर्ष में उसने पहली बार इस तरह की घटना देखी है। जिस जगह ये घटना हुई है वहां काफी संख्या में बच्चे खेलते हैं। शुक्र है कि गोली किसी बच्चे को नहीं लगी है।
