सांस्कृतिक संध्याओं में जमेगा रंग

ऊना। ऊना के इंदिरा स्टेडियम में जिला में 9 से 11 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सोमभद्रा महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्याओं के अलावा खेल प्रतियोगिताएं, बेबी शो, व्यापारिक प्रदर्शनियां, बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, विभिन्न प्रकार के खाने के स्टाल एवं प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र होंगी। यह जानकारी आयोजन समिति के चेयरमैन एवं उपायुक्त अभिषेक जैन ने बचत भवन में उत्सव की तैयारियों के सिलसिले में आयोजित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव ऊना जिला की गौरवपूर्ण सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसे पूरी गरिमा से मनाया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले इस उत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर मौका दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रकाशित होने वाली बहुरंगी स्मारिका में जिला के विकास, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहलुओं को दर्शाते लेख प्रकाशित किए जाएंगे। बैठक में एसपी अनुपम शर्मा, एडीसी दर्शन कालिया, सहायक आयुक्त एके पराशर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, प्रवक्ता विजय डोगरा, जिला कांग्रेस के लीगल सैल के संयोजक वीरेंद्र मनकोटिया, हरोली ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उत्सव समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे। इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए गैर सरकारी सदस्यों ने कई सुझाव भी दिए।

Related posts