सहकारी सभा के अध्यक्ष ने कार्यालय में जड़ा ताला

सुजानपुर (हमीरपुर)। कृषि सहकारी सभा समिति सुजानपुर में दो दिन से ताला लटका है। समिति की महिला सचिव ने अध्यक्ष पर कमरे में ताला जड़ने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सचिव ने विभाग से लिखित शिकायत कर उचित कार्रवाई की मांग की।
सुजानपुर के वार्ड चार में स्थित कृषि सहकारी सभा समिति (बैंक) और साथ ही उचित मूल्य की दुकान है। सचिव ने बताया कि 20 जून को दोपहर 12 बजे अध्यक्ष देशराज कार्यालय पहुंचा और उसे कार्यालय से बाहर निकाल कर अपमानित किया और कार्यालय में ताला जड़ दिया। सचिव का आरोप है कि अध्यक्ष कई दिनों से उसे मानसिक रूप से उत्पीड़ित कर रहा है। विभाग द्वारा निर्देश देने के बावजूद शाम तक ताला नहीं खोला गया है। इसके चलते कार्यालय सचिव कार्यालय के बाहर ही भटकती रही। दूसरे दिन भी कार्यालय का ताला न खुलने से परेशानी का सामना करना पड़ा।
सचिव ने बताया कि उसके कार्यालय में कैश, कागजी रिकार्ड आदि है। सहकारी सभा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेश चौहान ने घटना की कड़ी निंदा की है और अध्यक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।
सहकारी सभा के निरीक्षक अजमेर कटोच ने पुष्टि करते हुए बताया कि सचिव कमरे में जरूरी रिकार्ड और कैश है। सदस्यों की मौजूदगी में कमरे को खोला जाएगा। सहकारी सभा के अध्यक्ष देशराज का कहना है कि वर्तमान में सचिव के पिता पूर्व में सचिव रहे हैं तथा वर्तमान में कार्यालय में आकर सभा के कार्य में दखलअंदाजी करते हैं जिस कारण कार्यालय पर ताला लगाया गया है।

Related posts