
मैड़ी (ऊना)। उपमंडल अंब क्षेत्र की एक विवाहिता ने कथित रूप से ससुराल पक्ष पर जहर देकर मारने के प्रयास और दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करवाई है। महिला के अनुसार तीन वर्ष पूर्व उसका विवाह हुआ था। लेकिन उसके बाद से ही उसके ससुराल के लोग उसे अकसर दहेज कम लाने के उलाहने देने लगे।
महिला के अनुसार उसका पति विदेश में रहता है और वह अकसर फोन पर उसे गालियां निकालता था। कथित रूप से ससुराल के लोग उसके साथ बेसुध हो जाने तक मारपीट करते थे। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके ससुराल वालों ने उसे विवाह के समय मिले उपहार भी अपने पास रख लिए हैं। पिछले दिनों उसके पति के विदेश से घर वापस लौटने के बाद तो उसके ससुराल वालों ने उसे दाल में कथित रूप से जहर मिलाकर दे दिया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे सामुदायिक चिकित्सालय अंब में दाखिल करवाया गया। जहां से उसके मायके पक्ष के लोग होशियारपुर के एक निजी चिकित्सालय में ईलाज के लिए ले गए। महिला ने डीएसपी अंब को लिखित शिकायत कर उसे इंसाफ दिलवाए जाने की मांग की है। अंब के डीएसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि महिला का ब्लड सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए सीएफएल भेजा जाएगा।
