
लठियाणी (ऊना)। लठियाणी क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवा पूरी तरह से चरमरा गई है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल तथा ब्राडबैंड सुविधा पूरी तरह से सुचारू न होने से उपभोक्ताओं के साथ-साथ बैंकाें एवं दुकानदारों को भी काफी दिक्कतें हो रही हैं। उपभोक्ताओं में राम आसरा, कमल देव, आत्मा राम, राम स्वरूप, किशन चंद, स्वर्ण सिंह, विवेक ठाकुर, अजय कुमार, किशोरी लाल, तिलक राज, कर्म चंद, प्रभु राम, कृपा राम, लाजो देवी, करमी देवी, विमला देवी, पवना कुमारी, नीना धीमान, पुष्पा देवी, चैंचला रानी, सुहडू राम, सुरेश कुमार, देश राज व रमेश चंद आदि का कहना है कि आजकल यदि उन्हें अपने बैंक खातों में लेन देन करना है तो उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार सारा-सारा दिन इंतजार करने के बाद उन्हें खाली हाथ वापस आना पड़ता है। यदि यह ब्राडबैंड सेवा सुचारू ढंग से चल भी पडे़ तो स्पीड बहुत कम होती है। उपभोक्ताओं ने कहा कि बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा तो प्रभावित हो ही रही है, इसके साथ-साथ मोबाइल सेवा पर भी काफी असर पड़ रहा है। इसके चलते उन्हें मजबूरन अन्य कंपनियों की सिम का प्रयोग करना पड़ रहा है।
उधर, बीएसएनएल बंगाणा के एसडीओ अनुज चक्रवर्ती का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से नेटवर्क में खराबी चल रही है, जिस कारण ऐसी समस्या आ रही है। इसका जल्द समाधान कर सुविधा को सुचारू कर दिया जाएगा ताकि बीएसएनएल उपभोक्ता परेशान न हों।
