
ऊना। क्षेत्र के बसाल में एक प्रवासी महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। महिला के शव का शनिवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाया गया और उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बसाल में अपने पति और परिजनों के साथ रहने वाली 28 वर्षीय महिला तरंगिनी देवी पत्नी निरंजन साहनी निवासी जिला पटना बिहार को शुक्रवार देर रात उसी के बसाल स्थित किराये के मकान के बाद सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। महिला को तुरंत उठाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में ले लिया, जहां शनिवार को लाश का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में कार्रवाई आरंभ कर दी है।
