सरे बाजार मुख्य अध्यापक की कनपटी तोड़ी

गोहर (मंडी)। सराजघाटी के बागाचुनौगी में एक निजी स्कूल के मुख्य अध्यापक की सरे बाजार कथित पिटाई करने के बाद एक युवक द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मुख्य अध्यापक की शिकायत पर उक्त युवक के खिलाफ 325, 504 और 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। बागाचुनौगी निजी स्कूल के मुख्य अध्यापक कमल कांत ने पुलिस को बताया कि वह बागाचुनौगी बस स्टाप पर बस का इंतजार कर रहा था कि अचानक एक स्थानीय युवक आया और उसने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मुख्य अध्यापक ने बताया कि युवक ने उसके मुंह और कान में मारी, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। उग्र युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद मुख्य अध्यापक ने जंजैहली चौकी में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने मुख्य अध्यापक का मेडिकल करवाया। इसमें मुख्य अध्यापक के कान में गंभीर चोटें पाई गईं। पुलिस ने हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी अभिषेक दुल्लर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होगा।

Related posts