सरयोलसर में आस्था की डुबकी पर रोक

कुल्लू। देवी अधिष्ठात्री माता बूढ़ी नागिन के वास स्थल सरयोलसर झील में अब भक्त आस्था की डुबकी नहीं लगा पाएंगे। एक किलोमीटर की परिधि में फैली माता की इस पवित्र झील में पर्यावरण और सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर कमेटी ने नहाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। कमेटी के मुताबिक झील में देव परंपरा का निर्वहन करने के लिए देवी-देवता ही डुबकी लगा सकते हैं। मई से अक्तूबर माह तक अपने भक्तों को दर्शन देने वाली माता बूढ़ी नागिन पर मंडी, शिमला, किन्नौर तथा कुल्लू जिला के हजारों भक्तों की गहरी श्रद्धा और आस्था जुड़ी है। इतना ही नहीं माता के दर्शन के लिए सालाना हजारों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक यहां सैर सपाटे को भी आते हैं।
आषाढ़ संक्रांति पर माता को रखी मन्नत को पूरा करने तथा दर्शन हेतु हजारों भक्तों ने माता के दरबार सरयोलसर पहुंचकर माता को जहां देशी घी का चढ़ावा चढ़ाया, वहीं महिला भक्तों ने झील के चारों ओर देसी घी की फेरी देकर अपने परिवार और पशुधन की सुरक्षा की कामना की। माता के कारदार भागे राम राणा ने बताया कि पर्यावरण और सुरक्षा की दृष्टि से झील में नहाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

हठधर्मी बनी थी मौत की वजह
माता के कारकूनों के मुताबिक मनाही करने के बावजूद हठ करने पर अब तक तीन लोग झील में अपनी जान गंवा चुके हैं। घटना नब्बे के दशक की है। आनी और जाबन क्षेत्र के दो लोगों की यहां मौत हो गई। 1998 में एक छात्र भी झील में डूब कर मर चुका है। डुबकी लगाने को लेकर माता के कारकूनों ने कई बार इन्हें रोका था लेकिन वे नहीं माने।
साबुन और शैंपू का प्रयोग गलत
झील में स्नान करते वक्त भक्त साबुन और शैंपू आदि का प्रयोग करते हैं। इसके अलावा कई भक्त और पर्यटक कूड़ा कचरा भी झील किनारे छोड़ जाते हैं। इससे झील की पवित्रता और पर्यावरण को खतरा पैदा होने लगा है। इसी को देखते हुए यह पाबंदी लगाई गई है। भक्त झील से बर्तन में पानी निकाल कर वहां से करीब सौ मीटर दूर जाकर स्नान कर सकते हैं।
भागे राम राणा कारदार माता बूढ़ी नागिन
प्रशासन करेगा हर संभव सहयोग
देव स्थलों की पवित्रता, पर्यावरण संरक्षण तथा सुरक्षा के लिहाज से यह अच्छा निर्णय है। देव स्थल जितना पवित्र और सुरक्षित होगा भक्तों की उतनी अधिक आस्था बढ़ेगी। मंदिर कमेटी को प्रशासन की तरफ से किसी तरह के सहयोग की जरूरत होगी तो प्रशासन हमेशा प्रयासरत रहेगा। शरभ नेगी डीसी, कुल्लू

Related posts