सरपंच पदों के लिए 5634 ने भरे नामांकन पत्र

गुरदासपुर (विनोद): जिला गुरदासपुर में हो रहे पंचायत चुनाव में किसी भी गर्भवती, छोटे बच्चे की मां, हेमकुंट व केदारनाथ की यात्रा पर गए व्यक्ति की पत्नी तथा जिस घर में किसी की मौत हो गई हो, उस परिवार के सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी नहीं लगाई गई है तथा इस संबंधी सभी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

यह बात जिलाधीश गुरदासपुर डा. अभिनव त्रिखा ने पंचायत चुनाव संबंधी किए प्रबंधों के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कही। जिलाधीश ने बताया कि 3 जुलाई को जिला गुरदासपुर में पंचायत चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की अभी दो रिहर्सलें करवाई जाएंगी जो 29 जून तथा 2 जुलाई को होंगी।

उन्होंने बताया कि जिला गुरदासपुर में कुल 1293 पंचायतें हैं तथा एक पंचायत भागोवाल में चुनाव नहीं हो रहे हैं जिस कारण अब 1292 पंचायतों के चुनाव होंगे। इस संबंधी सरपंच पदों के लिए 5634 तथा पंचों के लिए 18681 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें से सरपंच के लिए उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों में से 331 तथा पंचों के लिए 802 उम्मीदवारों के कागजात रद्द हुए हैं, जबकि सरपंच उम्मीदवारों में से 2553 तथा पंच उम्मीदवारों में से 5467 ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं।

जिलाधीश ने बताया कि जिला गुरदासपुर की कुल 1292 पंचायतों के लिए होने वाले चुनाव में से 275 पंचायतों के सरपंच निर्विरोध विजेता घोषित किए गए हैं, जबकि 2382 पंच बिना मुकाबला चुनाव जीत चुके हैं। इस तरह से अब 2475 सरपंच पद के लिए तथा 10030 पंच पद के लिए उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि यह चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष तथा भय मुक्त करवाने के लिए 1517 पोलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं तथा प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर 5 कर्मचारियों का स्टाफ होगा। जिसमें एक प्रिजाइडिंग अधिकारी, एक सहायक प्रिजाइडिंग अधिकारी व 3 पोलिंग अधिकारी होंगे। इस काम को पूरा करने के लिए 7585 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।

Related posts