सरकार बेचेगी सस्ता प्याज

नई दिल्ली। शनिवार से राजधानी में एक हजार स्थानों पर सस्ता प्याज मिलेगा। 150 मोबाइल वैन 600 से ज्यादा स्थानों पर प्याज बेचेंगी। इसके अलावा 280 मदर डेयरी के बूथों सहित, नैफेड व कृषि विपणन बोर्ड की तरफ से कुल एक हजार स्थानों पर सस्ता प्याज बेचा जाएगा। अन्य स्थानों के अलावा मंडी के सामने भी स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही प्याज की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने साफ किया कि शनिवार से मदर डेयरी, नैफेड व कृषि विपणन बोर्ड की तरफ से एक हजार जगहों पर वाजिब कीमत (न लाभ न हानि) पर प्याज बेचकर स्थिति पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री की तरफ से बुलाई गई समीक्षा बैठक में बताया गया कि भारी वर्षा, बाढ़, सड़कों को हुए नुकसान और स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंध की वजह से दिल्ली में प्याज की आवक में काफी कमी हुई है।
दिल्ली सरकार के अनुसार थोक कीमतें 30-50 रुपये प्रति किलो (गुणवत्ता के हिसाब से) हैं, जो करनाल, शिमला, कानपुर, अहमदाबाद, कोलकाता, बंगलूरू से काफी कम है। बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को प्याज, दालों, चीनी, टमाटर और आलू समेत आवश्यक वस्तुओं की कीमतों और उनकी उपलब्धता पर पैनी नजर रखने और जमाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।

मौसमी वस्तुओं की कीमतों का ध्यान रखा जाएगा। खासकर टमाटर, प्याज, दाल, चीनी की कीमतें बढ़ें तो हमें तैयार रहना होगा। फेस्टिव सीजन में विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे हालात बनने पर वैन से वाजिब कीमत पर वस्तुएं बेचकर स्थिति को नियंत्रित किया जाएगा।

Related posts