
अंब (ऊना)। किसान ट्रैक्टर ट्राली यूनियन अंब तथा राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा की बैठक मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर सीता राम की अध्यक्षता में ठठल में हुई। इसमें उपमंडल अंब के किसान एवं ट्रैक्टर ट्राली यूनियन के सभी सदस्य एकत्रित हुए।
इस अवसर पर स्वतंत्र किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मस्तराम मस्कीन एवं उपप्रधान ठाकुर होशियार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में किसानों एवं ट्रैक्टर ट्राली चालकों को आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई। ठाकुर सीता राम ने कहा कि सरकार अवैध खनन के नाम पर दोहरी नीति अपना रही है। खनन माफिया दोनाें हाथ से लूट में व्यस्त है और प्रशासन की नाक तले धड़ाधड़ खनन कर रहा है। जबकि किसान एवं निजी ट्रैक्टर चालक घरेलू कार्यों, छप्पर, मकान एवं मवेशीखाने की मरम्मत से भी महरूम हैं। वे अपनी भूमि से भी रेत बजरी नहीं उठा सकते। ट्रैक्टरों के पुलिस चलान काट कर सरकार से शाबाशी लेने में जुटी हुई है। पूर्ववत की तरह खड्डों को नीतिगत वैधता अपना कर खोला जाए। कोई नीति न होने के कारण किसान, मजदूर, दिहाड़ीदार, सरिया सीमेंट के व्यापारी एवं इससे जुड़े अन्य कारोबारी तंग आ चुके हैं। इसका समाधान करना सरकार के हित में है, नहीं तो इसका दूरगामी नतीजा बुरा होगा। ट्रैक्टर चालक बैंक कर्जे तले दब रहे हैं। सरकार किसानों और ट्रैक्टरों का कर्जा माफ करे। फसलों के नुकसान का मुआवजा दिया जाए। फसलों को बंदर और आवारा पशुओं से बचाव के लिए नीति बनाए। किसानों केे गिरे मकान, मवेशीखाने, डंगे, रास्ते बनाने एवं मुआवजे का प्रावधान किया जाए। बैठक में किसान समिति के प्रधान ठाकुर रविंद्र सिंह, उपप्रधान रणवीर सिंह, सचिव वचन सिंह, कोषाध्यक्ष सुखदेव सिंह, दर्शन सिंह, रफी मोहम्मद, बलजीत सिंह, ट्रैक्टर ट्राली यूनियन के सलाहकार अनिल बाहड़ा, विजय कुमार, राजेश ठाकुर, चमन लाल, कमाल दीन, कुशल कुमार, शिवदेव सिंह, होशियार सिंह, गणेश दत्त, रविंद्र सिंह, कमल देव, अश्विनी कुमार, राज कुमार, बंगाणा से रणजीत सिंह, अर्जुन सिंह, मेहर चंद, राकेश कुमार, विजय कुमार, बलवीर बाबा बैरियां, प्रधान गगरेट यूनियन स्वर्णा जट्ट तथा सिकंदर, शाम मिन्हास सहित करीब डेढ़ सौ सदस्यों ने भाग लिया।
