सरकार को दी फैसला वापस लेने की धमकी

लुधियाना: पंजाब सरकार द्वारा स्कूली बसों से वसूले जाने वाले टैक्स में की गई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में स्कूल बस वैल्फेयर एसोसिएशन उतर आई है। एसो. ने सरकार को अपना फैसला वापस लेने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को प्रधान सुखजिंद्र सिंह जौड़ा की अध्यक्षता में बसंत पार्क में एसोसिएशन की मीटिंग में मांगें न जाने पर संघर्ष का बिगुल बजाने की धमकी भी दी गई। जौड़ा ने बताया कि पहले ही डीजल की बढ़ाई गई कीमतों का बोझ झेल रहे स्कूली बस चालकों को सरकार की नीतियां बर्बाद करने पर तुली हैं।

यही वजह है कि अधिकतर बस आर्पेटर अपना कारोबार बंद कर घरों में बैठ गए हैं, जबकि इसके बिल्कुल विपरीत पड़ोसी राज्यों हिमाचल, हरियाणा व राजस्थान में स्कूली बसों को टैक्स माफ है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लगाए जाने वाले टैक्स का बोझ सीधे तौर पर छात्रों के अभिभावकों की जेब पर ही पड़ेगा, इसलिए सरकार को अपने इस फैसले को वापस लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने अपने इस नादिरशाही फरमान को वापस न लिया तो आने वाले दिनों में संघर्ष का बिगुल बजाने के साथ लोकसभा चुनावों में इसके नतीजे दिखाए जाएँगे।

Related posts