
चंबा (टिहरी)। भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक में पार्टी की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया गया। कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ ‘घर चलो-गांव चलो’ अभियान को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
मंगलवार को ब्लाक सभागार में एक घंटे देरी से शुरू हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर पार्टी को संगठित करने के गुर सिखाए गए। प्रदेश उपाध्यक्ष और जिला प्रभारी कुसुम कंडवाल ने मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया कि न्याय पंचायत और बूथ स्तर पर बूथ संयोजक, बीएलओ नियुक्त करने का कार्य समय पर पूरा होना चाहिए। पूर्व मंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष खजान दास ने कहा कि संगठन को मजबूती देने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। तभी लोकसभा चुनावों में प्रदेश से पांचों सीटों में जीत सकते हैं। जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल, विनोद कंडारी, विधायक महावीर रांगड़, ओमगोपाल रावत, मीरा सकलानी, धन सिंह नेगी, सुभाष रमोला, जीतराम भट्ट, गिरवीर रमोला, रागिनी भट, खेम सिंह चौहान, संजय नेगी मौजूद थे।
