
लडभड़ोल (मंडी)। भाजपा जोगिंद्रनगर मंडल तथा लडभड़ोल तहसील के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की मांगाें को लेकर तहसील कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियाें एवं कार्यकर्ताओं सहित पंचायतीराज संस्थाआें से जुडे़ लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला भाजपा उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह राजपूत की अगुवाई में लोगों ने बाजार में रैली निकाली। मांगाें को लेकर तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने लडभड़ोल में तहसीलदार के महीनाें से रिक्त चल रहे पद को तत्काल भरने, पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए डिग्री कालेज को बहाल करने, शिक्षण संस्थाओं तथा सीएचसी में रिक्त पड़े पदाें को भरने की मांग की। पार्टी जिला उपाध्यक्ष ने चेताया कि यदि सरकार ने शीघ्र इन मांगों को पूरा नहीं किया तो आंदोलन को बड़ा रूप दिया जाएगा। इस बीच सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। इस अवसर पर भाजपा जोगिंद्रनगर मंडल महामंत्री दलीप राणा, ध्रुव देव शर्मा, रणवीर ठाकुर, रमेश जसवाल, जिप सदस्य रजनी ठाकुर, कुंती देवी, बीडीसी सदस्य गुड्डी देवी, कमलेश शर्मा, गोपाल ठाकुर, संजय कुमार, अर्जुन ठाकुर, महिला मोर्चा मंडल महासचिव रीता ठाकुर, आशा, रूपेश सेन, मनसा राम व राजेंद्र ठाकुर आदि मौजूद थे
