सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक कल

हमीरपुर। प्रदेश के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्यों की बैठक 25 जून को बाल स्कूल हमीरपुर में होगी। बैठक सुबह 11 बजे से होगी। बैठक में एसोसिएशन में पैदा हुए गतिरोधों को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा जिससे एसोसिएशन एकता की सूत्र में बंधी रहे।
स्कूल प्रिंसिपल एंड निरीक्षण अधिकारी संघ के प्रेस सचिव बालकृष्ण शर्मा ने कहा कि संघ के मंडी चुनावों को लेकर सदस्यों में मतभेद उत्पन्न हो गए थे। उनके समाधान को आम सभा की बैठक बुलाई गई है जिससे संघ में पैदा हुए गतिरोध को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्य वर्ष 2006 से एडहाक आधार पर काम कर रहे हैं। इनमें से कई प्रधानाचार्य तो सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं लेकिन उन्हें प्रधानाचार्य पद पर मिलने वाला कोई लाभ नहीं मिल सका है। यहां तक कि कई प्रधानाचार्य ऐसे भी हैं जो अपने कनिष्ठ प्रधानाचार्यों से भी कम वेतन ले रहे हैं। सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार लेक्चरर कैडर के प्रधानाचार्यों से सौतेला व्यवहार कर रही है। प्रधानाचार्यों से डिप्टी डायरेक्टर के पदों पर तैनाती करते समय लेक्चरर कैडर के 40 फीसदी प्रधानाचार्यों को ही पदोन्नत किया जाता है। जबकि नियमानुसार दोनों कैडरों से समान अनुपात में पदोन्नति का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर समस्याओं, मांगों के बारे में अवगत करवाया जाएगा जिससे कैडर के प्रधानाचार्यों की समस्याओं का समाधान हो सके।

Related posts