
आनी (कुल्लू)। आनी-लूहरी सड़क पर दोघरी मोड़ के पास गत रविवार रात्रि सरकारी लकड़ी से लदा एक ट्रक संतुलन खोकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं। इसे उपचार के लिए आनी अस्पताल में भरती करवाया गया है। चालक की हालत स्थिर बनी हुई है।
डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर के अनुसार बीती रात ट्रक संख्या एचपी 35 बी 0755 एलपी वन निगम की लकड़ी लेकर आनी से कल्पा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान आनी से करीब तीन किमी दूर दोघरी मोड़ के पास ट्रक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और ट्रक सड़क से बाहर होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक महेंद्र कुमार को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आनी पुलिस का एक दल घटना स्थल पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल में भरती करवाया। घटना स्थल का जायजा लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
