
खराहल (कुल्लू)। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को मिलने वाला सरसों का तेल डिपुओं से गायब है। सरसों तेल की आपूर्ति न होने से लोगों में रोष है। लोगों को बाजार से महंगे दामों पर सरसों का तेल खरीदना पड़ रहा है। लोग बार-बार तेल के लिए डिपुओं के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। जिले में एपीएल और बीपीएल परिवारों को डिपुओं में सस्ती दरों पर खाद्य सामग्री मुहैया करवाई जाती है लेकिन डिपुओं से आधी से ज्यादा खाद्य सामग्री गायब रहती है।
जिले में करीब 1.2 लाख एपीएल और बीपीएल परिवार इस योजना के तहत सस्ती दरों पर खाद्य सामग्री हासिल करते हैं। घाटी के नरेश, कर्मचंद, नितिन, संजीव, अनीश, कमल और सतीश ने कहा कि सितंबर माह अंतिम पखवाड़े में पहुंच चुका है लेकिन डिपुओं में सरसों का तेल नहीं मिल रहा। डिपुओं में जहां 45 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से तेल मिलता है वहीं बाजार में तेल 110 से 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदना पड़ रहा है। सरसों तेल के लिए उपभोक्ताओं को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिपुओं में बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इन दिनों श्राद्ध के चलते तेल की डिमांड अधिक है लेकिन तेल न मिलने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया कि इसकी आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर होने पर सप्लाई की खेप पहुंचने पर जिला के तमाम डिपुओं को सरसों तेल की आपूर्ति कर दी जाएगी।
