
नई दिल्ली। आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी कागजात के जरिए सरकारी जमीन बेचने वाले एक शख्स को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यवसायी से इस एवज में बीस करोड़ रुपये की ठग लिए। आरोपी नोएडा के सेक्टर 50 का रहने वाला है। पुलिस फर्जीवाड़े में शामिल उसके अन्य सहयोगी की तलाश कर रही है।
शाखा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त हरेंद्र सिंह ने बताया कि वसंत कुंज निवासी अजय चौधरी ने 21 मार्च 2012 को शाखा में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि प्रॉपर्टी डीलिंग करने वाले पवन सोलंकी ने उसे जोरबाग व मे फेयर गार्डन स्थित दो प्रॉपर्टी दिखाईं। साथ ही उसने उसके कागजात भी दिखाए। कागजात पर डीडीए के अधिकारियों के हस्ताक्षर भी थे। सौदा तय होने के बाद उसने उसे बीस करोड़ रुपये दे दिए।
जांच करने पर पता चला कि यह संपत्ति सरकारी है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह संपत्ति मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन के पास है। मंत्रालय ने इस पर कोई निर्माण नहीं किया था। इसी तरह से उसने मे फेयर गार्डन स्थित प्रॉपर्टी के कागजात भी दिखाए थे। वह भी फर्जी निकले। उसके बाद पुलिस ने तफ्तीश कर आरोपी पवन सोलंकी की तलाश शुरू की। मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। 38 वर्षीय पवन नोएडा के सेक्टर 50 का रहने वाला है और अपने सहयोगियों के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। पुलिस उसके अन्य सहयोगी की तलाश कर रही है।
