
कुल्लू(भाग सिंह) शहर के साथ सटे एक सरकारी गोदाम में चोर सेंध लगाकर हजारों रुपये का राशन उड़ा ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भादंसं की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिविल सप्लाई की ओर से दर्ज करवाई गई एफआईआर में कहा गया है कि कुल्लू में 25 मार्च की रात कुछ अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर गोदाम का ताला तोड़कर गोदाम से 101 लीटर तेल, चावल के बैग तथा दालें उड़ा ले गए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए सामान कुल कीमत 13923 रुपये है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चोर अब नकदी के साथ ही खाद्य सामग्री पर भी हाथ साफ करने लगे हैं।
शराब की 72 बोतलें बरामद
कुल्लू। चुनाव को लेकर पुलिस की ओर से लालपरी के अवैध कारोबार पर लगाम कसने की मुहिम छेड़ी गई है। 26 मार्च रात पुलिस ने नाका लगा कर आनी में अवैध तौर पर सप्लाई हो रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आनी के देवधांक के समीप नाके पर पुलिस ने एक वाहन से अंग्रेजी शराब की 72 बोतलों को जब्त किया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि एएसआई अनंत राम की अगुवाई में पुलिस की टीम ने शराब के इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए शराब की बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
