सरकाघाट में गैस की आपूर्ति ठप

सरकाघाट/टिहरा (मंडी)। घरेलू गैस सिलेंडरों की खुली बिक्री के आदेशों के बाद लोगाें को गैस किल्लत झेलनी पड़ रही है। उपमंडल सरकाघाट के कई गांवाें में लोगों को गैस की सप्लाई नहीं मिल रही। लोग गैस सप्लाई आने की आस में दिन भर तेज धूप में तप रहे हैं। लेकिन आपूर्ति न होने से शाम को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। गैस एजेंसी से दो माह से लोगाें को एक ही जवाब मिल रहा है कि जल्द सप्लाई मिलेगी।
टिहरा में भी गैस न मिलने से उपभोक्ताआें की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब डीपीटी योजना शुरू हुई थी तो हर सप्ताह बाद गैस भेज दी जाती थी। लेकिन जब से पुरानी दरों पर गैस के दाम तय हुए हैं तब से गैस की सप्लाई नहीं मिल रही। उपमंडल की गाहर पंचायत के सात गांवों चंदैश, पट्टा, बड़ा समाहल, समसोह, पन्याली, तपौण और गाहर में दो माह से गैस की आपूर्ति ठप पड़ी है।
टिहरा के कई गांवाें में यही हाल है। गाहर पंचायत उपप्रधान कमलेश शर्मा, जगदीश चंद, विनोद कुमार, उदय सिंह, हंस राज, प्रवेश सेठी, पम्मा, प्रदीप कुमार, रजनी देवी, कमला देवी, यशोदा देवी, मीरा, बोहरी देवी और मीना देवी ने बताया कि लोग अपने खाली गैस सिलेंडरों को लाकर दिनभर सड़क के किनारे खड़े रहते हैं। लेकिन सप्लाई नहीं भेजी जा रही। जब गैस एजेंसी कार्यालय में फोन करते हैं तो अगले दिन गैस सिलेंडर भेजने की बात कहकर टाल दिया जाता है। दो माह से एजेंसी से यही जवाब मिल रहा है। लोगाें ने प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाते हुए गैस वितरण रूट चार्ट तय करने और गैस की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही धमकी दी है कि यदि सप्लाई नहीं भेजी तो लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उधर गैस एजेंसी सरकाघाट के प्रबंधक राजमल ने दो दिन में गैस की आपूर्ति का भरोसा दिया है।

Related posts