
टौणीदेवी (हमीरपुर)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पैतृक गांव समीरपुर में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है जिससे लोग सहमे हुए हैं। तेंदुए ने दो दिन पूर्व एक भेड़ के बच्चे को अपना शिकार बनाने का प्रयास किया था लेकिन ग्रामीणों की मुस्तैदी से भेड़ के बच्चे को बचा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार समीरपुर, आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की दहशत आम होने लगी है जिससे रात को अकेले घर से लोगों को बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दो दिन पहले गांव के राकेश कुमार की भेड़ के बच्चे पर दिन दिहाड़े तेंदुए ने हमला बोल दिया लेकिन तेंदुए के हमले को ग्रामीण भांप गए तथा मुस्तैदी से बचाने में कामयाब हो गए। स्थानीय पशु अस्पताल में उसका उपचार करवाया गया। सूचना वन विभाग के अधिकारियों को भी दी गई। आरओ तिलक राज के साथ ही अन्य वन कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया लेकिन अभी भी घटना के बाद ग्रामीण दहशत में है तथा प्रशासन से उचित कार्रवाई करने की मांग की है जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पडे़। बरसात के मौसम में तेंदुए की घटनाएं अचानक बढ़ जाती है। आरओ तिलक राज का कहना है कि घटना की सूचना के बाद मौके पर गए थे। इसके लिए विभाग उचित कार्रवाई अमल में ला रहा है जिससे तेंदुए को पकड़ा जा सके।
