समारोह की अवधि घटाने पर एबीवीपी तल्ख

बंजार (कुल्लू)। स्थानीय कॉलेज में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बैठक हुई है। बैठक की अध्यक्षता कॉलेज इकाई अध्यक्ष निशांत ठाकुर ने की। इस दौरान कॉलेज में होने वाले एससीए के महोत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा की गई। एबीवीपी ने महोत्सव को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से की जा रही मनमर्जी का विरोध करते हुए कहा कि कॉलेज प्रशासन ने दो दिन के महोत्सव को एक दिन के लिए रखा है। एससीए उपाध्यक्ष राजीव किशोर तथा संयुक्त सचिव दिनेश ठाकुर ने कहा कि बैठक में उत्सव के आयोजन के लिए दो दिन तक करने का निर्णय लिया गया था, बावजूद इसके अब इसे घटाकर एक दिन करना उचित नहीं है। कहा कि कॉलेज प्रशासन की इस तरह की मनमानी को एबीवीपी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। महोत्सव के लिए कॉलेज प्रशासन ने जो ऑडिशन की परंपरा शुरू की है, वह कॉलेज छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय है। बैठक में रूसा प्रणाली के तहत की गई फीस वृद्धि का भी भरपूर विरोध करते हुए इकाई अध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रहित के बजाय उनके साथ अन्याय कर रहा है।

Related posts