
कुल्लू। लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र कुल्लू में चल रहे ‘कुल्लू रंग मेला’ के तीसरे दिन ऐक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन कुल्लू के कलाकारों ने ‘एक था गधा उर्फ अलादाद खां’ नाटक का मंचन किया। प्रख्यात नाटककार शरद जोशी के लिखित इस नाटक का निर्देशन केहर सिंह ठाकुर ने किया है।
नाटक आज के समाज को प्रतिबिंबित करता है। नाटक बताने की कोशिश करता है कि कई बातें ऐसी हैं जो आम आदमी को पता ही नहीं होती। नाटक एक ऐसे नवाब से शुरू होता है जो चाहता है कि प्रजा केवल उसे ही देखे। उसी का यशगान करे। इसी दौरान उसे खबर मिलती है कि अलादाद नाम के गरीब आदमी का इंतकाल हो गया है। नवाब प्रशंसा बटोरने के लिए मन बनाता है कि वह उस गरीब अलादाद के जनाजे में शरीक होगा। यही नहीं उसका जनाजा शाही महल से निकालने की घोषणा करता है।
नवाब की भूमिका केहर सिंह ठाकुर तथा चिंतकों की भूमिका कुलदीप तथा लेखराज ने अदा की। मरे हुए गधे के मालिक जुग्गन धोबी की भूमिका में दीन दयाल ने लोगों को हंसाया। अलादाद खां की भूमिका जीवानंद, देवीलाल की भूमिका टेक चंद, सूत्राधार की भूमिका में भूषण देव, नत्थू दर्जी के रूप में राकेश, रामकली की भूमिका आरती तथा कोतवाल के रूप में नरेंद्र सन्नी ने दर्शकों को गुदगुदाया। नाटक के मंचन के बाद कलाकेंद्र में कलाकारों तथा वहां मौजूद दर्शकों ने झीड़ी में बस हादसे के शिकार हुए लोगों के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।
