समस्याएं देखकर सरकार खामोश : चौहान

रोहडू। क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है। विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अधिकांश गांवों में पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। शिमला राजमार्ग पर एक माह में मात्र एक सप्ताह ही बसें चली हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें बंद पड़ी हैं। जनता परेशान है, वहीं कांग्रेसी सत्ता का मजा लेने में व्यस्त हैं। यह बात रोहडू में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जुब्बल कोटखाई भाजपा मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायक राम चौहान ने कही।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में आए डेढ़ माह से अधिक समय बीत गया है। लेकिन, जुब्बल कोटखाई के विधायक क्षेत्र से नदारद हैं। जुब्बल तथा नावर क्षेत्र में दो सप्ताह से बिजली गुल है। जुब्बल और नावर क्षेत्र के दर्जनों गांव ऐसे भी हैं, जहां एक माह से बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। बिजली न होने केे कारण उठाऊ पेयजल योजनाएं भी कार्य नहीं कर रही हैं। इसके चलते पेयजल किल्लत का सामना भी करना पड़ रहा है। सरकारी कार्यालयों तथा बैंकों में कामकाज ठप पड़ा हुआ है। क्षेत्रवासियों की सुध लेने वाला कोई भी नहीं है। लोगों की समस्या को देखकर भी सरकार खामोश है। उन्होंने बताया कि जुब्बल में अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें अभी तक नहीं खोली गई हैं। बसें मार्गों पर आधा ही सफर तय कर रही हैं। शिमला के लिए एक माह में मात्र एक सप्ताह ही बसें चली हैं। इस मौके पर रोहडू भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश शुक्ला ने कहा कि जनता भारी परेशानियों के दौर से गुजर रही है। कांग्रेस के विधायक तथा नेता सत्ता का मजा ले रहे हैं। लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए कोई भी सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। अगर यह सिलसिला जारी रहा तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे।

Related posts