
चंबा। अग्रणी बैंक की ओर से जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त संदीप कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला के सभी बैंक अपने नकद अनुपात को बढ़ाने की दिशा में प्रयास करें। इससे साकारात्मक नतीजे हासिल हो पाएंगे। जिला की विशेषकर ग्रामीण अर्थिकी को मजबूती देने की प्रक्रिया में बैंकिंग की अहम भागीदारी होती है। उन्होंने कहा कि बैंक प्राथमिकता सेक्टर में होने वाली गतिविधियों के लिए तत्परता के साथ काम करते हुए समय पर आवेदकों को ऋण मंजूर करें। इससे जिला की वार्षिक ऋण योजना में तय लक्ष्यों को हासिल किया जा सके गा। उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम समेत अन्य विभागों की ओर से चलाई जा रही विभिन्न स्कीमों के ऋण मामलों का संबंधित विभाग और बैंक प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें। संदीप कुमार ने कहा कि ऋण के लिए आवेदन करने वाले पात्र व्यक्तियों को बार-बार बैंक व विभागीय कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। अग्रणी बैंक के जिला प्रबंधक एलआर ठाकुर ने कहा कि वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों को बैंकों व विभागों के परस्पर समन्वय व सहयोग से तय समय अवधि में पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक रमेश चंद व नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल शाशनी मौजूद रहे।
