समन्वय समिति का ढालपुर में प्रदर्शन

कुल्लू। केंद्रीय श्रम संगठनों की अखिल भारतीय समन्वय समिति के आह्वान पर वीरवार को ढालपुर में जिला कुल्लू की समन्वय समिति ने रैली निकाली। बस अड्डे से उपायुक्त कार्यालय तक निकाली गई रैली में विभिन्न संगठनों के सैकड़ों मजदूरों और कामगारों ने भाग लिया। जनसभा के बाद समिति ने उपायुक्त राकेश कंवर के माध्यम से प्रधानमंत्री को एक मांग पत्र भी भेजा है। सीटू के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरचंद ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यूपीए-2 की सरकार तेजी से नव उदारवाद की नीतियों को लागू कर रही है तथा धीरे-धीरे सरकारी उपक्रमों का निजीकरण किया जा रहा है। इसके चलते मजदूरों तथा कर्मचारियों के हितों को बेचा जा रहा है तथा दिन प्रतिदिन महंगाई आसमान छू रही है। उन्होंने कहा कि यूपीए-2 सरकार नाकाम रही है और मजदूरों का न्यूनतम वेतन को नहीं बढ़ा रही है। उन्होंने पीएम को भेजे ज्ञापन में श्रम कानूनों को लागू करने तथा इसका उल्लंघन करने वालों को कठोर दंड का प्रावधान, ठेकेदारी प्रथा को बंद करने तथा ठेका मजदूरों को सामान वेतन व भत्ते देने, न्यूनतम दिहाड़ी दस हजार रुपये मासिक, महंगाई पर काबू करने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाने सहित नौ मांगों को रखा गया है। इस दौरान समिति के जिला संयोजक प्रेम गौतम, इंटक जिला उपाध्यक्ष छज्जू राम, बीएमएस के जिला महामंत्री राम लाल, जिला अध्यक्ष सुख राम वर्मा, हिमाचल किसान सभा के जिला सचिव हौतम सिंह सौंखला ने भी केंद्र की यूपीए सरकार पर मजदूरों और कामगारों की जायज मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

Related posts