सभी 70 सीटों पर लड़ेगी जदयू

पूर्वांचली मतदाताओं के भरोसे जनता दल (यूनाइटेड) दिल्ली चुनाव में धमक दिखाने की तैयारी में है। पार्टी सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।

ज्यादा जोर दस उन सीटों पर होगा, जहां पूर्वांचली मतदाता अधिक हैं। पार्टी अनधिकृत कॉलोनियों की समस्याओं को मुद्दा बनाएगी।

पार्टी ने दिल्ली की सीटों को पांच श्रेणियों में बांटा है। इसमें नरेला, बुराड़ी, किराड़ी, बल्लीमारान, बिजवासन, संगम विहार, बदरपुर, मुस्तफाबाद, तुगलकाबाद, ओखला और करावल नगर को ए-प्लस श्रेणी में रखा है।

बाकी को ए, बी, सी, डी में डाला है। ए-प्लस सीटों पर पूर्वांचली वोट असर डालते हैं।

पार्टी का मानना है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के व्यक्तित्व और कार्यों के सहारे चुनावों में यहां प्रभावी दखल रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शाबिर अली ने बताया कि उनकी कोशिश पूर्वांचली मतदाताओं को लामबंद करने की होगी।

जमीनी हकीकत जानने के बाद सधी रणनीति के साथ पार्टी काम कर रही है।

इन इलाकों में रोजाना रैलियां भी हो रही हैं। फिलहाल उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में इनके नाम का ऐलान भी कर दिया जाएगा।

Related posts