
पतलीकूहल (कुल्लू)। हिलोपा ने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाया है। पार्टी अब सीट निकालने की क्षमता रखने वाले लोकप्रिय उम्मीदवारों की तलाश में जुट गई है। इसके लिए पार्टी जगह-जगह कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सलाह मशविरा कर रही है। हिलोपा सुप्रीमो महेश्वर सिंह ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि प्रदेश में पार्टी का अपना जनाधार है। पार्टी कार्यकर्ता सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की लिखित और मौखिक मांग रख रहे हैं। लिहाजा, कार्यकर्ताओं का जोश देखकर उन्होंने भी सभी सीटों पर दमदार प्रत्याशी उतारकर गंभीरता से चुनाव लड़ने का मन बनाया है। महेश्वर सिंह का कहना है कि अगले सप्ताह वह अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के प्रचार को दिल्ली रवाना हो रहे हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उनके पिछले दिल्ली दौरे के दौरान वह तीसरे मोर्चे का समर्थन करने वाले थर्ड फ्रंट ने उन्हें समर्थन देने की बात कही है।
