
हमीरपुर। कृषि मंडी उपज समिति हमीरपुर जिले के अध्यक्ष प्रेम कौशल ने कहा कि नादौन, जाहू तथा हमीरपुर सब्जी मंडियों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए अगले वित्त वर्ष में 25 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इससे किसानों को सब्जी मंडी में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। कौशल ने सोमवार को कृषि मंडी उपज समिति के वार्षिक बजट के अनुमोदन के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि हमीरपुर सब्जी मंडी की चारदीवारी तथा यार्ड को विकसित करने के लिए 12 लाख, नादौन तथा जाहू सब्जी मंडी के लिए पांच-पांच लाख तथा कर्मचारियों के लिए आवास सुविधा पर तीन लाख की राशि व्यय करने का प्लान तैयार किया गया है।
चालू वित्त वर्ष में जिला कृषि मंडी उपज समिति ने एक करोड़ आठ लाख 20 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया। नौ महीनों में मंडी समिति को 93 लाख 95 हजार रुपये की आय हुई। आगामी तीन महीनों में 21 लाख 25 हजार की अनुमानित आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आगामी वित्त वर्ष के लिए एक करोड़ पंद्रह लाख 74 हजार की अनुमानित आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मंडी समिति के आय के साधनों को बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। किसानों को उत्पादों के विपणन के बारे में प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। इसके साथ ही कृषि मंडियों में थोक भावों की जानकारी भी नियमित तौर पर प्रदर्शित की जा रही है। मार्केटिंग कमेटी के सचिव अनिल चौहान ने एपीएमसी की आय और व्यय का ब्यौरा दिया। उपनिदेशक कृषि, उद्यान विभाग के एसएमएस डा. वीएस शर्मा, सदस्य मनमोहन सिंह, उत्तम चंद, विनय शर्मा, देव राज, रमेश तथा अनिल चौहान भी उपस्थित थे।
