सफदरजंग एंकलेव इलाके में डाक कांवड़िया को गोली मारी

नई दिल्ली। दक्षिणी जिले के सफदरजंग एंक्लेव इलाके में रविवार रात एक डाक कांवड़िया को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोली उसकी पीठ से होते हुए हाथ में जाकर घुस गई। घायल को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद हाथ से गोली निकाल दी गई है। कांवड़िये को गोली मारे जाने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सफदरजंग एंक्लेव थाना पुलिस ने आईपीसी की घारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है। दक्षिण जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार करीब एक दर्जन डाक कांवडिया टेंपो से रिंग रोड से होकर गुड़गांव जा रहे थे। जब कांवड़िए भीकाजी कामा प्लेस के पास पहुंचे तो बाइक सवार दो युवकाें ने कावंडिया बिरजू को गोली मार दी। बिरजू को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। वह अलवर राजस्थान का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने बयान दिया है कि दो युवक बाइक पर आए और गाली-गलौच करने लगे। कांवड़ियों ने जब गाली देने का विरोध किया तो बाइक सवारों ने गोली मार दी। पुलिस अधिकारी आपसी रंजिश को लेकर मामले की जांच कर रहे हैं।

Related posts