सन्हाल में तूड़ी को लगी आग

बंगाणा (ऊना)। परनोलियां सन्हाल में सोमवार देर रात भीषण आग से एक किसान के दो मवेशी जिंदा जल गए। जबकि हजाराें की अन्य संपत्ति का भी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि खूंटों से बंधे मवेशियों के पास ही तूड़ी का ढेर लगा था, जिसे अचानक आग लग गई और दोनों मवेशी उसकी चपेट में आ गए। बंगाणा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात बंगाणा ब्लाक की बल्ह पंचायत के गांव परनोलियां के निवासी सरबतु राम पुत्र स्वर्गीय लाल सिंह ने गौशाला के बाहर दो बैल बांधे हुए थे। उनके साथ ही तूड़ी का ढेर लगा था। इसी दौरान तूड़ी के ढेर में अचानक आग लग गई। जिसमें तूड़ी के साथ दोनों बैल भी जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि किसान का घर गौशाला से दूर होने के कारण उन्हें आग की घटना का फौरन पता नहीं लग पाया। बंगाणा पुलिस ने मौके का मुआयना कर शिकायत दर्ज कर ली है। बंगाणा थाने के प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। आग में मवेशियों के जलने के साथ हजारों की संपत्ति का भी नुकसान हुआ है।

Related posts