
तीसा चंबा। ग्राम पंचायत सनवाल के दो गांवों में दस दिन से बिजली नहीं है। इसके कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव मकड़ और चचूल में बिजली नहीं है। इस कारण करीब 60 परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने के कारण गृहणियों को खाना बनाने में परेशानी पेश आ रहीं हैं। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज के बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी नरेश, बेगणू राम, टेक सिंह, चतर सिंह, लेखराज, देवी सिंह, पूर्ण चंद, लखिया राम और हेमराज ने बताया कि क्षेत्र में चल रही बिजली की समस्या को लेकर कई बार बोर्ड के जेई को अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने कहा कि उनके गांवों में लंबे समय से बिजली की समस्या चल रही है। यहां पर न तो लाइनमेन समय पर आते हैं और न ही बोर्ड के अधिकारी कोई सुध लेते हैं। इससे ग्रामीण परेशान हैं और उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली की सप्लाई सुचारू की जाए। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया कि इस बारे में उन्हें शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
