
रामपुर बुशहर।(संदीप वर्मा ) शहर से निकलने वाले सीवरेज का जहरीला पानी सीधे सतलुज नदी में गिर रहा है। इससे नदी में प्रदूषण फैल रहा है। शहर में कई स्थानों से नदी में गंदा पानी नदी में जा रहा है। लेकिन नगर परिषद के इस कारनामे पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा।
गंदगी का आलम यह है कि लोगों का रास्ते में चलना मुश्किल हो गया है। पिछले कई महीनों से मुख्य बाजार स्थित मंदिर हनुमान घाट के पास सीवरेज पाइप टूटने से गंदगी फै ली है। हनुमान मंदिर होने से सुबह शाम सैकड़ाें लोग दर्शन के लिए जाते हैं। आसपास कूड़ा कचरा होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हाल यह है कि सीवरेज खुले में बहती हुई नालियों से सतलुज में पहुंच रही है। स्थानीय निवासी बाबा ईश्वर भारती, राजेश वशिष्ठ, दिनेश चौहान, शमशेर मेहता, मुकेश नेगी का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद और आईपीएच विभाग को सूचित किया गया। लेकिन अभी तक किसी भी सीवरेज पाइप को दुरुस्त करने में कोई पहल नहीं की गई।
उधर, नगर परिषद के अध्यक्ष दीपक सूद का कहना है कि हनुमान घाट मंदिर ट्रस्ट अपनी जगह देने से मना कर रहा है। इसके कारण सीवरेज का पानी सतलुज में डालना पड़ रहा है। सीवरेज की टूटी पाइप लाइन को जोड़ने के आदेश आईपीएच के कनिष्ठ अभियंता को दिए जाएंगे।
जगातखाना पुल, शानी मंदिर, भगवती होटल, अमर ज्योति होटल, डीएवी स्कूल, जोगणी बाग,मसजिद , हनुमान घाट, ओल्ड पीएनबी, कोर्ट के पास से बिना ट्रीटमेंट के सतलुज नदी में सीवर गिर रही है।
