सड़क हादसों में तीन की मौत, पांच घायल

अंब/ऊना। उपमंडल अंब के कुठियाड़ी में एक बेकाबू कार सीधे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार एक मां-बेटी की मौत हो गई है, जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। कार सवार बलग्रां जिला कांगड़ा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक अन्य हादसे में दियाड़ा में एक स्कूटर सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे स्कूटर सवार की मौत हो गई। इसी प्रकार जैजों मोड़ में एक तेजरफ्तार कार ने राहगीर को रौंद डाला।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अरविंद कुमार निवासी बलग्रां जिला कांगड़ा अपने परिवार के साथ कार से बद्दी जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार तड़के अंब के कुठियाड़ी के पास अरविंद की कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सफेदे के पेड़ से जा टकराई। घटना के पीछे नींद को कारण बताया जा रहा है। हादसे में अरविंद की पत्नी डिंपल एवं ढाई वर्षीय बेटी अनाहिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद एवं उनका पुत्र शौर्य व भाई अरुण बुरी तरह से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगाें की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, यातायात प्रभारी अमरीक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं, जबकि घायलों को टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ट्रैफिक प्रभारी ने बताया कि दूसरी ओर दियाड़ा में भी धर्मवीर पुत्र प्रेम चंद दियाड़ा को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। ऊना से पीजीआई रेफर करने के बाद रास्ते में धर्मवीर ने दम तोड़ दिया। धर्मवीर के स्कूटर पर बजरंगी निवासी दियाड़ा भी सवार था, जिसे चोटें आई हैं। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि जैजों मोड़ के पास एक कार ने राहगीर को टक्कर मार दी। इस घटना में बड़सर हमीरपुर निवासी चमन लाल घायल हो गया। एसपी ने बताया कि सभी घटनाओं को लेकर पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं। घटनाओं की छानबीन जारी है।

Related posts