सड़क हादसों में एक की मौत, एक जख्मी

नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ थाना क्षेत्र के तहत दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल अस्पताल में उपचाराधीन है। पहले मामले में शुक्रवार देर रात बजरी से भरा टिप्पर एचपी-12डी-1597 मित्तियां की ओर जा रहा था, लेकिन जब यह टिप्पर बैहली के पास पहुंचा तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और टिप्पर सड़क किनारे लुढ़क गया, इससे टिप्पर में सवार चालक की मौत हो गई।
टिप्पर में सिर्फ चालक की मौजूद था । टिप्पर चालक मनोज कुमार (26) पुत्र भगत राम शर्मा निवासी गांव भटौली की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। दूसरे मामले में भाग सिंह पुत्र सीताराम निवासी गांव बैरछा, डाकघर खिल्लियां ने बताया कि वह मस्तानपुरा में बस के इंतजार में खड़ा था कि इतने में नालागढ़ से नैना देवी जा रही चौधरी ट्रेवल की बस एचपी-69ए-0575 ने बघेरी की ओर से आ रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी बददी एस अरूल कुमार ने कहा कि दोनों मामले दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts