सड़क हादसों में आठ लोग घायल

ऊना। समूर खुर्द में शनिवार सुबह बंगाणा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार पुली से जा टकराई। हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए हैं। घायलों में दंपति और 3 बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल लाए जाने पर प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वहीं, झलेड़ा में हुए एक अन्य हादसे में कार और टाटा एस टेंपो में भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पवन कुमार पुत्र रत्न चंद निवासी वन चिल्लियां ज्वालाजी जिला कांगड़ा कार में ऊना की ओर आ रहे थे। समूर खुर्द में पवन कुमार तेज रफ्तार कार पर नियंत्रण नहीं रख पाए और कार पुली से जा टकराई। हादसे में उनकी पत्नी सुनीता कुमारी, पुत्रियां श्वेता और सोफी पुत्र अंकुश कुमार हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। लोगों की मदद से सभी घायलाें को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर, झलेड़ा में कार और टेंपो की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। जिनमें से टैंपो चालक नवीन कुमार निवासी कोटला खुर्द जिला ऊना की हालत गंभीर है। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने हादसों के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts