सड़क हादसे में महिला की मौत, तीन घायल

भल्याणी (कुल्लू)। लगघाटी में टाटा सूमो गाड़ी के गहरी खाई में गिरने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चालक और दो लोग घायल हो गए हैं। इन्हें उपचार के लिए कुल्लू स्थित क्षेत्रिय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी संजय शर्मा ने की है। बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को सुबह करीब साढे़ तीन बजे लगघाटी के कांलग की ओर से कुल्लू आ रही एक टाटा सूमो गाड़ी ग्रामग के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस सड़क हादसे में वाहन चालक समेत दो महिलाएं सवार थीं। इसमें एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भीमदासी, परमानंद और चालक मेघ सिंह को जांच के बाद छुट्टी दे दी है।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा लापरवाही और तेज रफ्तारी की वजह से पेश आया है। इस हादसे में मृतक महिला की पहचान लगघाटी के नंदसेहड़ निवासी 62 वर्षीय मागंती देवी के रूप में हुई है। मामले की छानबीन कुल्लू थाना में तैनात आईओ हेड कांस्टेबल कृष्णलाल को सौंपी है।

Related posts