सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

नग्गर (कुल्लू)। पतलीकूहल के लरांकेलो गांव में वीरवार देर रात को एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक मंडी जिले के रहने वाले हैं। यहां किसी शादी समारोह में भाग लेने के लिए आए थे। मृतक युवकों की शिनाख्त दिनेश (29) पुत्र राम लाल तथा भागमल (26) पुत्र भोले राम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मंडी जिले के गांव खिला कमांद के रहने वाले दोनों युवक शादी में भाग लेने के बाद घर वापस लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे नथान स्कूल के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर 250 फुट गहरे नाले में जा गिरी। हादसा इतना दर्दनाक था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का पता भी सुबह ही चला। ग्रामीण घरों से जब कामकाज के लिए निकले तो उन्होंने खेतों में पड़े युवकों के शवों को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पतलीकूहल पुलिस चौकी के प्रभारी संजीव कुमार और मुख्य आरक्षी राजपाल सिंह ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भिजवा दिया है। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 289 व 304 ए के तहत मामला दर्जकर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। दोनों युवक यहां दोस्त की शादी में आए थे।

Related posts