सड़क हादसे में दंपति की मौत

टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के हीरा थड़ा के एक दंपति की माहिलपुर पंजाब के समीप सैला खुर्द में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हीरा थड़ा के प्रधान गुरमुख सिंह ने बताया कि 42 वर्षीय सुरजीत सिंह पुत्र बख्तावर सिंह एवं उनकी पत्नी राणो देवी अपने स्कूटर पर पंजाब में रिश्तेदार के पास गए थे। शाम को वापस आते समय सैला खुर्द के पास चब्बेवाल, होशियारपुर की ओर से आ रहे दस टायर वाले ट्रक ने गलत दिशा में आकर स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया। इससे सुरजीत सिंह एवं उसकी पत्नी राणो देवी की मौत हो गई। उनका एक पुत्र एवं पुत्री है। पुत्र दसवीं कक्षा में एवं पुत्री आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं। पंचायत प्रधान गुरमुख सिंह ने बताया कि सैला खुर्द में पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद दंपति का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इस मौके पर क्षेत्र से विभिन्न संगठनों, समाजसेवी पंचायत प्रतिनिधि, ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों ने गहरा शोक जताया है।

Related posts