सड़क हादसे में चाचा-भतीजी की मौत

दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र के गागवी नामक स्थान पर एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मरने वाले रिश्ते में चाचा-भतीजी थे। इस हादसे में दो और लड़कियां घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए दलाश से रामपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब नौ बजे चपोहल से दलाश की ओर से जा रही एक ऑल्टो कार संख्या एचपी 35-2402 गागवी के पास करीब पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार जिवेंद्र शर्मा पुत्र मुरारी शर्मा, सुनयना (14) पुत्री नागेंद्र शर्मा, पायल शर्मा (12) पुत्री नागेंद्र शर्मा और महक शर्मा (7) पुत्री जिवेंद्र शर्मा निवासी चपोहल गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें गंभीर हालत में दलाश अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जिवेंद्र शर्मा और सुनैना को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार जीएस कटारिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने मरने वालों के परिजनों को प्रशासन की ओर से 10-10 हजार और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत जारी की। डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में हादसा ओवर टेक के कारण हुआ लगता है।

Related posts