सड़क हादसे में कांग्रेस नेता की मौत

मणिकर्ण (कुल्लू)। सदर कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रतोचा पंचायत प्रधान उत्तम ठाकुर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे में शिली राजगिरी पंचायत के सचिव लाभ चंद निवासी शाट घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार उत्तम ठाकुर और लाभ चंद गत मंगलवार शाम को मोटरसाइकिल पर अपने घर जा रहे थे कि अचानक शाट के पास पहुंच कर एक वैन से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद वैन चालक वाहन समेत फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इस टक्कर से उत्तम ठाकुर के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से से घायल शिली राजगिरी पंचायत के सचिव लाभ चंद को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। रतोचा पंचायत प्रधान और कुल्लू सदर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम ठाकुर की मौत पर कुल्लू जिला कांग्रेस पार्टी में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। ग्राम पंचायत रतोचा में भी गमगीन माहौल बना हुआ है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने हादसे के शिकार हुए उत्तम ठाकुर के शव का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। दुर्घटना में लाभ चंद का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार चल रहा है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts