
ऊना। जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर चार स्थित पीरनिगाह रोड पर देर शाम पेश आए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन व्यक्ति ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है, जबकि मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीरनिगाह रोड पर देर शाम 45 वर्षीय शिवनंदन शर्मा निवासी कुष्ठाश्रम अपने निजी कार्य से पैदल जा रहा था कि इसी दौरान एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह मौके पर लहूलुहान हो गया। उसे तुरंत घायलावस्था में 108 एंबुलेंस के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि पुलिस ने गाड़ी के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
