
सुजानपुर (हमीरपुर)। विकासखंड की ग्राम पंचायत डेरा के सुदराड़ा गांव में मुख्य सड़क का डंगा गिरने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। वहीं बस सेवा भी ठप हो गई है। ऐसे में लोगों को वाया चरोट रूट से गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। हालांकि लोनिवि को समस्या के प्रति अवगत करवाया गया है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्र के लोगों में रोष है।
ग्राम पंचायत प्रधान राजेंद्र ठाकुर, उर्मिला, रणजीत आदि का कहना है कि करीब 15 दिन पहले गांव की मुख्य सड़क का डंगा गिर गया था। हालांकि समस्या के प्रति संबंधित विभाग को अवगत भी करवाया गया है लेकिन अभी तक डंगे का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में क्षेत्र में बस सेवा भी बाधित हो गई है। लोगों को वाया चरोट होकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकाल में लोगों को किराए के वाहनों में गंतव्य पर रवाना होना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की कि समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़ा। उधर, अड्डा प्रभारी कुलतार सिंह का कहना है कि सड़क पर डंगा गिरने से रूट बाधित हो रहा है।
