
धुसाड़ा (ऊना)। क्षेत्र के घंडावल में सोमवार देर रात ऊना अंब नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन आरंभ कर दी है। हादसा उस समय हुआ, जब एक व्यापारी अपनी दुकान बंद करने के बाद घर जाने के लिए सड़क के किनारे खड़ा था, इसी समय एक स्कूटर ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टकारला निवासी सरजीवन कुमार घंडावल में मनियारी की दुकान करता है। सोमवार को रात वह दुकान बंद करने के बाद घर जाने के लिए सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान ऊना से अंब की तरफ जा रहे स्कूटर चालक ने सड़क किनारे खड़े सरजीवन को टक्कर मार दी। इससे सरजीवन के सिर में गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे 108 एंबुलेंस से ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है, जबकि स्कूटर चालक को भी हादसे में चोटें आईं। स्कूटर चालक साथ लगते गांव त्यूड़ी का ही निवासी बताया जा रहा है। एसएचओ सदर केएल बैरी ने बताया कि पुलिस हादसे के संदर्भ में छानबीन कर रही है।
