
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी में शारणी के पास एक वाहन से उतरते समय दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में शुरन बड़ी सेरी निवासी चित्रा देवी और सरसाड़ी निवासी निर्मला देवी घायल हो गई हैं। महिलाओं ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वे भुंतर की तरफ एक जीप में आ रही थीं। शारणी के पास पहुंचकर जीप चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा। जब वे जीप से उतर रही थीं तो चालक ने एकदम गाड़ी चला दी और वे दोनों सड़क किनारे जा गिरीं। जीप चालक घटनास्थल से गायब हो गया। इस घटना में वे दोनों घायल हो गई हैं। एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। जबकि, दूसरी महिला कुल्लू अस्पताल में उपचाराधीन है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर जीप चालक के खिलाफ लापरवाही और तेजरफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की जांच का जिम्मा हेड कांस्टेबल दीपक कुमार को सौंपा गया है।
24 बोतलें अवैध शराब बरामद
कुल्लू। पुलिस ने ब्रो में दो जगह अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एचएचओ संतोष कुमार ने गश्त के दौरान आवेरी के पास नरेश ठाकुर से 12 बोतलें अवैध शराब की बरामद की हैं। वहीं, एएसआई तिलक राज ने आवेरी में ही बोध राज के ढाबे से 12 बोतलें अवैध शराब की पकड़ी हैं। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों व्यक्तियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
