
हमीरपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आम जनता के सुझाव लेगी। साथ ही जनता को यातायात नियमों, नशा निवारण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने तीन हजार सुझाव पत्र प्रकाशित करवा लिए हैं। इन्हें पंचायत और स्कूल स्तर से आम जनता तक पहुंचाने को प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी।
हमीरपुर में सड़क दुर्घटनाओं, चोरी की घटनाओं और युवा पीढ़ी में नशे की प्रवृति दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। हालांकि तीनों मुद्दों पर पुलिस प्रशासन सख्ती से कार्रवाई कर रहा है लेकिन पूर्ण रूप से अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे में पुलिस ने जनता से सहयोग लेने का निर्णय लिया है। पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं, चोरी की वारदातों और युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाने को जनता की राय लेने का निर्णय लिया है।
प्रशासन ने पहले चरण में तीन हजार सुझाव पत्र प्रकाशित करवाए हैं। इन्हें जल्द ही स्कूल और पंचायतों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा और लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही लोगों को यातायात नियमों, चोरी की घटनाओं से सतर्क रहने और मादक द्रव्य पदार्थों आदि के बारे में जानकारी भी मुहैया करवाई जाएगी। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान का कहना है कि सुझाव पत्र प्रकाशित करवा लिए गए हैं। जल्द ही इन्हें जनता के पास पहुंचाकर सुझाव लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्कूलों में छात्रों और पंचायतों के माध्यम से ग्रामीणों तक सुझाव पत्र पहुंचाकर लोगों की राय ली जाएगी।
