
ऊना। कोटला कलां में एक व्यक्ति का स्कूटर चोरी हो गया। घटना के संदर्भ में पीड़ित व्यक्ति ने ऊना पुलिस को सूचना दे दी है, जबकि पुलिस ने भी घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। शातिरों ने उक्त व्यक्ति का स्कूटर उस समय उड़ाया, जब वह अपने खेतों में बिजाई के काम में लगी लेबर की देखरेख करने मौके पर गए थे।
जानकारी के मुताबिक कोटला कलां निवासी भजनानंद सैणी पुत्र प्रताप चंद ने ऊना थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने स्कूटर नंबर पीबी 03जी 8078 पर घर से खेतों के लिए गए थे, जहां उन्होंने बिजाई के लिए मजदूरों को लगा रखा था। वह स्कूटर को सड़क के किनारे खड़ा कर खेतों की ओर चले गए, जब वह वापस जाने के लिए स्कूटर लेने पहुंचे तो स्कूटर मौके पर नहीं मिल पाया। उन्होंने हर तरफ स्कूटर की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। उन्होंने बताया कि स्कूटर की डिक्की में उनकी डाकघर, बैंक की बचत खातों की पास बुक, चैक बुक और स्कूटर की आरसी सहित इंश्यारेंस रसीदें भी रखी थीं। एसपी ऊना केसी शर्मा ने बताया कि स्कूटर मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जबकि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
