सड़कों, पुलों पर खर्च होंगे 3.60 करोड़ : रवि

केलांग। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं जिला लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि लाहौल मंडल में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण के लिए चालू वित्त वर्ष के दौरान जनजातीय उपयोजना के अंतर्गत 3.60 करोड़ व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त नाबार्ड के माध्यम से 25 लाख रुपये संपर्क मार्गों की टारिंग और मेटलिंग के लिए खर्च किए जा रहे हैं। उदयपुर उपमंडल की दूरदराज पंचायत तिंदी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी गांवों को संपर्क सड़कों से जोड़ने के लिए वर्तमान सरकार वचनबद्ध है। तिंदी गांव की बरोड़ सड़क के निर्माण के लिए वन विभाग से क्लीयरेंस सर्टिफिकेट लेने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जारी होगा, सड़क का निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा। महिला मंडल भवन कुठाड़ तथा सराय भवन तिंदी का निर्माण किया जाएगा। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तिंदी के भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये बजट का प्रावधान किया गया है। जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य प्यारे लाल ने रवि ठाकुर को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बनाने पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी तथा हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तिंदी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सबका मन मोह लिया। विधायक ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक पाठशाला तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तिंदी को विधायक निधि से 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की। मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इसके बाद ठाकुर ने तिंदी पंचायत के सलग्रां में प्राथमिक पाठशाला के भवन का लोकार्पण किया। दौरे के दौरान ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नोरबू बौद्ध, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नोरबू पान्स और दलीप, खंड पंचायत समिति सदस्य अनिल सहगल, प्रधान ग्राम पंचायत केलंग ज्ञालछन ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत तिंदी चम्पा देवी, उपप्रधान ग्राम पंचायत उदयपुर राजू, उपनिदेशक शिक्षा प्रेम नाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts